घोरावल। कोरोना महामारी के मद्देनजर शिवद्वार मंदिर परिसर में रविवार शाम प्रशासन, पुलिस, नागरिक समाज, मंदिर समिति एवं पुजारी समाज की एक आपात बैठक बुलाई गई। घोरावल क्षेत्र में कोरोना के प्रकोप को देखते हुए बैठक में निर्णय लिया गया कि मंदिर को पूरे श्रावण मास भर श्रद्धालुओं के लिए बंद रखा जाए और पुजारी के अलावा किसी भी व्यक्ति का मंदिर में और परिसर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मंदिर परिसर और आस-पास पूजन सामग्री की सभी दुकानें बंद रहेंगी। मंदिर समिति और पुजारी समाज द्वारा मौके पर एसडीएम जैनेंद्र सिंह को ज्ञापन भी सौंपा गया। जिसमे कहा गया है कि मंदिर और कैंपस में पूरे श्रावण माह भर पुजारी के अलावा अन्य श्रद्धालुओं का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। घोरावल क्षेत्र में लगातार कोरोना पॉजिटिव केस मिल रहे हैं, ऐसे में श्रद्धालुओं व क्षेत्रीय जनता के हित में मंदिर में प्रवेश बंद रखा जाए।