वैनी। रायपुर थाने की पुलिस ने शादी का झांसा देकर 12 वर्षों तक युवती का यौन उत्पीड़न करने और बाद में शादी से इन्कार करने के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। आरोपी खलियारी निवासी शमशाद अंसारी (30) को सरईगढ़ मोड़ के पास से पकड़ा गया। पूछताछ के बाद संबंधित धाराओं में कोर्ट के लिए चालान कर दिया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि शमशाद अंसारी वर्ष 2014 से उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ पति-पत्नी की तरह रह रहा था। दोनों के संबंध से एक पुत्र भी पैदा हुआ। आरोप है कि वर्ष 2023 में शमशाद ने दूसरी महिला से शादी कर ली। इसके बाद पीड़िता से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने लगा। उसने पीड़िता से शादी करने से इन्कार कर दिया। मामले में पीड़िता की शिकायत पर रायपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने बुधवार को उसे रायपुर क्षेत्र के सरईगढ़ मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। एसओ अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।