त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव में नामांकन प्रक्रिया में ग्राम प्रधान के तीन पदाें के लिए सात उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। क्षेत्र पंचायत सदस्य के एक पद के लिए सिर्फ एक नामांकन हुआ। ग्राम पंचायत सदस्य के भी अधिकांश पदों पर एक-एक उम्मीदवार ही मैदान में उतरे हैं।
जिले में प्रधान के तीन, बीडीसी सदस्य के एक और ग्राम पंचायत सदस्य के कुल 28 पदों पर उपचुनाव हो रहे हैं। प्रधान व बीडीसी सदस्य के पद अलग-अलग कारणों से खाली हुए थे। नामांकन के अंतिम दिन तक चतरा ब्लॉक में प्रधान पद के लिए कसारी में तीन और किचार में दो पर्चे जमा हुए।
मंगलवार को नाम वापसी का दिन है। उधर, घोरावल ब्लाॅक में सोमवार को कुल 7 नामांकन पत्र जमा हुए। सहायक रिटर्निग अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान के 1 पद के लिए 2 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं।
क्षेत्र पंचायत सदस्य के 1 पद हेतु सिर्फ 1 नामांकन पत्र दाखिल किया गया है। जबकि अलग-अलग ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्य के 4 पदों के लिए अलग-अलग 4 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं।