फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: सात दिन की मोहलत बीती, नहीं हटा डंप कचरा, ईओ चुर्क का वेतन रोका

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनभद्र। संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियों में लापरवाही पर सीडीओ जागृति अवस्थी ने सख्त रुख अपनाया है। एक सप्ताह की समय सीमा बीतने के बाद भी चुर्क स्थित सोन पंप जाने वाले मार्ग पर डंप कचरे का निस्तारण नहीं होने पर अधिशासी अधिकारी चुर्क का वेतन अवरुद्ध करने के लिए ट्रेजरी को निर्देश दिए। वहीं, लगातार दो अंतर विभागीय बैठकों में अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सोनभद्र का भी वेतन रोकने के लिए कहा। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीडीओ की अध्यक्षता में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियों के लिए द्वितीय अंतर विभागीय समन्वय बैठक हुई। इसमें अधिकारियों को माइक्रोप्लान के अनुसार समयबद्ध तरीके से अभियान की गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए। शासन के निर्देशानुसार जिले में एक से 31 अक्तूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 12 से 31 अक्तूबर तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। बैठक में स्वास्थ्य, ग्राम विकास, नगर निकाय, पशुपालन, कृषि, शिक्षा और बाल विकास सहित विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई। सीडीओ ने नगर निकायों और पंचायत विभाग को नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी और कचरा निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग कराकर उसकी तस्वीरें अभियान के व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा करने को कहा। विद्यालयों में प्रार्थना के समय बच्चों को संक्रामक रोगों से बचाव, हाथ धोने के सही तरीके, पूरी आस्तीन की यूनिफॉर्म पहनने और बुखार आने पर बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए गए। ग्राम विकास विभाग को गांवों में स्वच्छ पेयजल, नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, कचरा निस्तारण और फॉगिंग करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से अभियान को प्रभावी बनाने और प्रतिदिन निर्धारित कार्य पूरा करने पर जोर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें