सोनभद्र/विंढमगंज। जिले के कोन और विंढमगंज थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को अलग-अलग स्थानों पर तेज गरज चमक के साथ बिजली गिरने से सात पशुओं की मौत हो गई। घटना से पशुपालकों को क्षति पहुंची हैं। पीड़ित पशुपालकों ने प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की।
पहली घटना कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुड़वा के टोला तुमिया की है। तुमिया टोला निवासी विजय कुमार ने अपने मवेशियों को घर के सामने बांस के पेड़ के नीचे बांधा था। भोर में बारिश के बीच बिजली गिरने से खुंटे से बंधी तीन गाय उसकी चपेट में आ गई। जिससे उनकी मौत हो गई।
दूसरी घटना इसी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खरौधी के डेमोखाड़ी गांव की है। बिजली की चपेट में आने से गांव के राजकिशोर यादव का एक बैल मर गया। बिजली गिरने की तीसरी घटना विंढमगंज थाना क्षेत्र के पोलवा गांव की है। बुधवार की देर रात तेज बारिश व गरज चमक के बीच बिजली गिरने से उसकी चपेट में आकर खूंटे पर बंधे आनंद कुमार पांडेय के तीन पशुओं की मौत हो गई। बृहस्पतिवार की सुबह पीड़ित ने घटना की सूचना क्षेत्रीय लेखपाल व पशु चिकित्सक को दी।