फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: संविदा लाइनमैन की सेवा समाप्त, तीन और गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
अनुसूचित जाति के युवक की पिटाई करने और थूक कर चटवाने के मामले में आरोपी संविदा लाइनमैन तेजबली सिंह पटेल को बर्खास्त कर दिया गया। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार के अनुमोदन के बाद सेवा प्रदाता फर्म ग्रिड पावर सिस्टम ने यह कार्रवाई की है। उधर, बर्खास्त लाइनमैन के तीन अन्य सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। डीआईजी आरके सिंह ने घटनास्थल पहुंचकर पीड़ित युवक से मुलाकात की और घटना की जानकारी है। उन्होंने पीड़ित युवक को सुरक्षा का भरोसा दिलाया है।
विज्ञापन

छह जुलाई को हुई घटना का वीडियो शनिवार को वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी संविदा लाइनमैन तेजबली सिंह पटेल को गिरफ्तार कर लिया था। उसके विरुद्ध एससी-एसटी एक्ट, आईटी एक्ट, मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। देर रात डीजीपी ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए विंध्याचल रेंज के डीआईजी को मौके पर जाने और विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। रविवार की दोपहर डीआईजी आरके सिंह, एएसपी कालू सिंह, सीओ अमित कुमार सहित अन्य अफसरों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पीड़ित युवक व उसके परिवार से मिलकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
युवक ने बताया कि उसकी पिटाई करने व थूककर चटाने के बाद रुपये भी छीन लिए गए थे। जान से मारने की धमकी दी गई। युवक ने घटना में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता बताई। डीआईजी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस उसके साथ है। आरोपियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी। इसके बाद डीआईजी शाहगंज थाने पहुंचे और घटनाक्रम में अब तक की कार्रवाई के बारे में जानकारी ली। डीआईजी ने सीओ अमित कुमार व थाना प्रभारी केदार मौर्य को मामले में अन्य आरोपियों को चिह्नित कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
विज्ञापन



सहयोगियों से बनवाया पिटाई का वीडियो
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहगंज। अनुसूचित जाति के युवक की पिटाई का वीडियो मुख्य आरोपी ने सहयोगियों से बनवाया था। इसका खुलासा होने के बाद पुलिस ने रविवार की देर शाम कोटवा राजपुर निवासी अजय पटेल, रवि यादव व बालडीह गांव निवासी विश्राम विश्वकर्मा के विरुद्ध भी धमकी देने, आपराधिक साजिश रचने, एससी-एसटी एक्ट, आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही गिरफ्तार करके जेल भिजवा दिया। इस मामले में अब तक चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
एसओ केदार मौर्य ने बताया कि छानबीन में तीनों के नाम सामने आए। मुख्य आरोपी तेजबली सिंह पटेल के साथ अजय पटेल व रवि यादव भी मौके पर गए थे और मारपीट की वीडियो बनाया था। पीड़ित युवक के पास मौजूद 2200 रुपये भी छीने गए थे। बालडीह गांव निवासी विश्राम विश्वकर्मा ने फोन कर तीनों आरोपियों को बुलाकर घटना में सहयोग किया था।

पीड़ित युवक ने कहा: आरोपी के घर पर बुलडोजर चलवाए सरकार
शाहगंज। घटना के बाद पीड़ित डरा है। रविवार को पुलिस के अफसर पहुंचे तो उसे हिम्मत मिली। युवक ने कहा कि आरोपी के घर पर बुलडोजर चलना चाहिए। तेजबली ने अमानवीय हरकत की है। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी है। संवाद

राजनीतिक दलों की तीखी प्रतिक्रिया
अमर उजाला ब्यूरो
सोनभद्र। अनुसूचित जाति के युवक की पिटाई के मामले में राजनीतिक दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने ट्वीट करके सरकार पर निशाना साधा है।
समाजवादी पार्टी ने भी घटना को अमानवीय और शर्मनाक बताया। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मामले में प्रदेश सरकार को घेरा है। इसी तरह सपा का एक प्रतिनिधिमंडल भी पीड़ित युवक व उसके परिजनों से मिला है। जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में कोई सुरक्षित नहीं है। उन्होंने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा देने के साथ ही आरोपी लाइनमैन के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। आजाद समाज पार्टी के नेता चंद्रशेखर आजाद ने भी घटना की निंदा की है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी तरफ से सवाल उठाए गए और कहा गया कि मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की घटना एक जैसी है। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष ऊषा चौबे ने कहा कि पूरे घटनाक्रम से यूपी कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय व महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शहला अहरारी को अवगत कराया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें