सोनभद्र। युवती की शादी तय होने से नाराज प्रेमी ने मंगेतर को युवती की अश्लील तस्वीरें भेज दी। इसके बाद मंगेतर ने शादी से इन्कार कर दिया। रिश्ता टूटने के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज कर छानबीन में जुटी है।
काेन थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी प्रयागराज में तय किया था। उसके पड़ोसी गांव के रहने वाले एक मनबढ़ युवक ने एक लड़की के साथ मिलकर बेटी के मंगेतर के मोबाइल पर अश्लील फाेटो और ऑडियो रिकार्डिंग भेज दिया। धोखे से ली गई तस्वीराें को देखने के बाद मंगेतर व उसके परिवार ने शादी करने से इन्कार कर दिया। अब आरोपी युवक जान से मारने और एससी-एसटी के फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहा है। तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अमरेश और उसकी सहयोगी रिया पर केस दर्ज किया है। रिश्ता टूटने के बाद से पीड़िता सदमे में हैं। लोगों के मुताबिक पीड़िता और आरोपी आपस में दोस्त थे। दोनों के बीच मेलजोल बढ़ गया। उसकी शादी तय होने की बात जब आरोपी को मालूम चली तब वह नाराज हो गया।