सोनभद्र। जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने पौधरोपण अभियान की जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में लिया। इसमें उन्होंने कहा कि पौधरोपण अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया जाए। एक गांव-एक बाग के रूप में पौधरोपण के लिए एसडीएम, बीडीओ से समन्वय स्थापित कर बाकी बचे जमीन का चयन कराने के साथ ही, गढ्ढों के खुदाई का काम कराने के लिए कारगर कदम उठाएं। वन विभाग बेहतर फलदार, छायादार व शोभाकार ऊंचे कद की पौधों की व्यवस्था करायें। उन्होंने डीएफओ संजीव सिंह को निर्देश दिया कि भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप उपयुक्त पौधों का चयन कर जंगलों के जमीनों पर पौधरोपण करते हुए निजी काश्तकारों के जमीन पर भी पौधों को रोपित कराने के लिए जन जागरूकता कार्यक्रम चलायें। डीएम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जिले के एसडीएम, तहसीलदारों, बीडीओ को निर्देश दिया कि जिले के 637 ग्राम पंचायतों में ‘‘एक गांव-एक बाग‘‘ के लिए जमीनों के सापेक्ष मात्र 405 ग्राम पंचायतों में चयन हुआ है, बाकी बचे 232 ग्राम पंचायतों मेें जमीनों का चयन समन्वय के साथ किया जाय। जहां जमीन का विवाद हो, उसको भी सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निस्तारित किया जाय। उन्होंने कहा कि चयनित जमीनों पर पौध रोपण के लिए गढ्ढों की खुदाई के लिए मानव दिवस का सृजन मनरेगा से किया जाय। हर हाल में शासन से प्राप्त लक्ष्य को जुलाई में शुरू कराकर पूरा करना है। उन्होंने कहा कि राज्य मार्ग के किनारे खाली जमीनों पर भी पौध रोपण का कार्य होगा। इस दौरान सीडीओ अजय कुमार द्विवेदी, डीएफओ संजीव कुमार सिंह, एसडीएम सदर यमुनाधर चौहान, डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी, डीसी मनरेगा टीबी सिंह मौजूद रहे।