शक्तिनगर। एनसीएल निगाही कोयला क्षेत्र स्थित स्टेडियम में चल रही 30वीं अंतर कंपनी कोल इंडिया की दो दिवसीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में ओवरआल चैंपियनशिप ईस्टर्न कोलफ़ील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) की टीम रही। एनसीएल दूसरे स्थान पर रही । चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में वेस्टर्न कोलफ़ील्ड्स लिमिटेड (डबल्यूसीएल) विजेता और ईसीएल उपविजेता तो महिला वर्ग में एनसीएल पहले व ईसीएल दूसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में कोल इंडिया की आठ अनुषंगी कंपनियों व सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड (एससीसीएल) के 308 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। मंगलवार को समापन पर प्रतियोगिता में महिलाओं के लिए 17 और पुरुषों के लिए 21 स्पर्धाओं का आयोजन हुआ। कोल इंडिया के निदेशक (कार्मिक एवं औद्योगिक संबंध) विनय रंजन ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि खेलों से हमारे अंदर मुश्किल परिस्थितियों से लड़कर जीतने का जज्बा पैदा होता है और यही जज्बा कोल इंडिया की पहचान है। समापन समारोह में एनसीएल के निदेशक डॉ. अनिंद्य सिन्हा, मनीष कुमार, रजनीश नारायण, क्षेत्रीय महाप्रबंधकगण, मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, एनसीएल के जेसीसी सदस्य सीएमएस से अजय कुमार, बीएमएस से राकेश कुमार पांडेय, आरसीएसएस से ओपी मालवीय , एचएमएस से अशोक कुमार पाण्डेय, कोल इंडिया वेलफेयर बोर्ड के सदस्य अशोक कुमार मिश्रा, पीएस पांडेय, सीएमओएआई के महासचिव सर्वेश सिंह आदि मौजूद रहे। सीएमडी भोला सिंह ने अध्यक्षता की।