मुंगराबादशाहपुर। क्षेत्र के विज्ञान संजीवनी सेंट्रल कॉलेज कोदहूं को सीबीएसई बोर्ड द्वारा मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। केंद्र पर विभिन्न जनपदों से उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए आ रही हैं। मार्ग में अतिक्रमण के कारण केंद्र तक वाहन नहीं पहुंच पा रहे। इस बात को लेकर विद्यालय के प्रबंधक की सूचना पर बुधवार को एसडीओ नहर सिंचाई विभाग मौके पर पहुंचे और दो दिन के अंदर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। विद्यालय पहुंचने के लिए प्रयागराज मार्ग से सतहरिया माइनर नहर की पटरी का उपयोग किया जाता है। नहर की पुलिया ध्वस्त होने के कारण रास्ता बंद हो गया है। वैकल्पिक रास्ते पर अतिक्रमण किया गया है। प्रयागराज मार्ग से उतरते ही नहर की पटरी पर उसी गांव की एक महिला ने छप्पर बनाकर अतिक्रमण किया है। इससे विद्यालय तक चार पहिया वाहन नहीं पहुंच पा रहे हैं।
विद्यालय से लगभग आधा किलोमीटर पहले वाहन खड़ा करके उत्तर पुस्तिकाओं को दो पहिया वाहन पर रखकर मूल्यांकन केंद्र ले जाना पड़ता है। विद्यालय के प्रबंधक राधेश्याम पांडेय ने एसडीओ नहर को प्रार्थना पत्र देकर अतिक्रमण हटवाने की मांग की थी। बुधवार को एसडीओ नहर मौके पर पहुंचे। उन्होंने नहर की पटरी से अतिक्रमण हटाने के लिए कहा। लेकिन महिला तैयार नहीं हुई।
एसडीओ आरके जायसवाल ने बताया कि नहर की पटरी पर छप्पर रखकर अतिक्रमण किया गया है। जिसे हटाने के लिए दो दिन का समय दिया गया है। अतिक्रमण नहीं हटाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।