दुद्धी। स्थानीय मंडी समिति परिसर में शनिवार को धान क्रय केंद्र का एसडीएम रमेश कुमार ने फीता काटकर और पूजन अर्चन कर शुभारंभ किया। धान क्रय केंद्र पर पहले किसान रामप्यारे निवासी साहपुर ने इस वर्ष की अपनी धान की उपज धान क्रय केंद्र पर जाकर बेचा। एसडीएम रमेश कुमार ने धान क्रय केंद्र पर किसान रामप्यारे का स्वागत करते हुए उनकी धान की खरीदारी कराई। उन्होंने किसानों से अपील किया कि वे अपने धान की उपज को क्रय केंद्र पर लाकर बेचें। शासन द्वारा निर्धारित रेट पर किसानों का धान क्रय किया जाएगा। किसान रामप्यारे ने अपने धान की 225 बोरी बेची है। एसएमआई सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि शासन ने धान खरीद की दर निर्धारित की है। धान खरीद के लिए पर्याप्त मात्रा में बोरी उपलब्ध है। एसडीएम ने कहा कि शासन ने धान की खरीद के लिए 1868 रुपये प्रति कुंतल की धनराशि निर्धारित की है। किसान बिचौलिये के चक्कर में न पड़ें। यदि खरीदारी नहीं की जाती है तो उनसे तत्काल फोन से संपर्क कर अपनी समस्या बता सकते हैं।