उप जिलाधिकारी सदर रमेश कुमार ने शनिवार को मऊ खुर्द में बन रहे स्थायी गो आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण किया। निर्माण कार्य शुरू होने के एक वर्ष बाद भी गोशाला का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने पर कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को चेताया। शीघ्र गोशाला का काम पूर्ण करने की हिदायत दी। करीब एक करोड़ 20 लाख की लागत से चतरा ब्लॉक के मऊ खुर्द गांव में स्थायी वृहद गो संरक्षण केंद्र (गोशाला) का निर्माण कार्य चल रहा है। करीब एक वर्ष से अधिक समय से मऊ खुर्द में 1.300 हेक्टेयर जमीन पर गो आश्रय स्थल का निर्माण कार्य चल रहा है। यहां 300 से अधिक पशुओं को रखने की व्यवस्था की जानी है। निर्माण कार्य शुरू होने के समय गोशाला का निर्माण कार्य छह माह में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया था। लेकिन निर्माण कार्य के एक वर्ष बाद भी पूर्ण नहीं हो सका है। मामले की लगातार आ रही शिकायत के मद्देनजर रविवार को सदर एसडीएम रमेश कुमार ने गो आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान धीमी गति से हो रहे निर्माण कार्य पर नाराजगी व्यक्त की। कार्यदायी संस्था को गोशाला का शेष काम शीघ्र पूर्ण करते हुए इसका संचालन शुरू कराने का निर्देश दिया। ताकि छुट्टा पशुओं को यहां रखा जा सके। निरीक्षण के दौरान ब्लॉक के अधिकारी भी मौजूद रहे।