सोनभद्र। बिना परमिट और ओवरलोड गिट्टी-बालू लदे वाहनों को पास कराने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को चार संदिग्धों को चिह्नित करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने में जुटी है। वाहनों को पार कराने के आरोप में पकड़े गए सभी का शांतिभंग में चालान कर दिया गया। उधर मारपीट के अन्य मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार की अलसुबह फोर्स के साथ प्रभारी कोतवाल विद्या सागर, एसएसआई ऐश खां और चुर्क चौकी इंचार्ज दिग्विजय सिंह ने लोढ़ी स्थित टोल प्लाजा, सोन इको प्वाइंट समेत अन्य स्थानों पर बिना परमिट और ओवरलोड गिट्टी-बालू लदे वाहनों को पास कराने वालों को पकड़ने के लिए छापे की कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में ले लिया। बृहस्पतिवार की रात को भी पुलिस ने मारकुंडी समेत अन्य स्थानों पर छापेमारी की थी। कोतवाल ने बताया कि बिना परमिट और ओवरलोड गिट्टी-बालू लदे वाहनों को पास कराने के आरोप में पकड़े गए चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी निवासी शीतल यादव, संतोष यादव, वीरेंद्र और ढूटेर गांव निवासी राजा का शांतिभंग में चालान कर दिया गया। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हुई। मारपीट के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए मरकुड़ी निवासी रामदेव, राजन, बघम निवासी बेचू, कसया कला निवासी रविंद्र, सुरेंद्र और मेहुड़ी निवासी सियाराम का भी शांतिभंग में चालान कर दिया गया। सीओ राजकुमार तिवारी का कहना है कि पासरों के धर पकड़ की कार्यवाही जारी रहेगी।