सोनभद्र। करीब डेढ़ माह की गर्मी की छुट्टियों के बाद शनिवार को जिले के माध्यमिक स्कूलों में रौनक लौट आई। स्कूल खुले तो बच्चे उत्साहित दिखे। दोस्तों से मिलकर उनके चेहरे खिल उठे। एक-दूसरे के साथ अपने अनुभव बांटे। शिक्षक भी बच्चों को खुशनुमा माहौल देने में लगे रहे। हालांकि पहले दिन स्कूलों में विद्यार्थी संख्या काफी कम रही। परिषदीय विद्यालय तीन जुलाई से खुलेंगे।
जिले के सभी 197 माध्यमिक स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों के बाद पहले दिन स्कूल खुले तो बच्चों में उत्साह देखने को मिला। अभिभावक भी बच्चों को लेकर समय से पहले ही स्कूल छोड़ने पहुंचे। छात्र-छात्राएं साथियों से मिलकर काफी उत्साहित नजर आए। बच्चों ने पढ़ाई के साथ मस्ती भी की। इस दौरान कक्षा छह, नौ, और ग्यारह में नामांकन के लिए भी बड़ी संख्या में बच्चे स्कूलों में पहुंचे। नगर स्थित राजकीय बालिका इंटर काॅलेज में बड़ी संख्या में छात्राएं दाखिला लेने के लिए पहुंची। वहीं जन सेवा इंटर काॅलेज फुलवारी, आदर्श इंटर काॅलेज व राजा शारदा महेश इंटर काॅलेज सहित अन्य माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-छात्रा शिक्षकों के साथ विषयों के चयन को लेकर चर्चा में व्यस्त रहे। पहले दिन सभी विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति की संख्या कम रही। कुछ छात्र-छात्रा अपने रिजल्ट लेने के लिए भी पहुंचे।