घोरावल नगर में शनिवार को एक स्कूल की बस गहरे तालाब में चली गई। गनीमत थी कि बस में बच्चे नहीं थे। सिर्फ चालक और परिचालक ही सवार थे। दोनों तैर कर तालाब से निकले।
करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी और मल्लाहों की मदद से बस को तालाब से बाहर निकाला गया। घोरावल में संचालित एक स्कूल की बस के चालक ने शनिवार सुबह बच्चों को पहले स्कूल पहुंचाया।
इसके बाद करीब साढ़े नौ बजे बस को धोने के लिए चालक और परिचालक घोरावल नगर के मुक्खा-फुलवारी मार्ग पर स्थित हरिहवा तालाब के भींटे पर चले गए। चालक बस खड़ी करने की व्यवस्था कर रहा था कि इसी दौरान बस अनियंत्रित हो तालाब में चली गईं और गहरे पानी में डूब गई।
घटना के समय चालक और परिचालक बस में मौजूद थे। वे तैरकर तालाब से बाहर निकल गए। घटना की जानकारी होने पर स्कूल के प्रधानाचार्य और शिक्षक मौके पर पहुंचे। मल्लाहों और जेसीबी की सहायता से करीब ढाई घंटे बाद दोपहर बारह बजे बस को तालाब के बाहर निकाला गया।