फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: सर्वमङ्गलमाङ्गल्ये शिवे सर्वार्थसाधिके, शरण्ये त्र्यम्बके गौरि नारायणि नमोऽस्तुते

विज्ञापन
रॉबर्ट्सगंज शीतला माता मंदिर में पूजन अर्चन करते श्रद्धालु। संवाद
विज्ञापन
सोनभद्र। शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी पर रविवार को जिलेभर के देवी मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। कई स्थानों पर दुर्गा सप्तशती का पाठ और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अनुष्ठान हुए। मां के जयकारों से मंदिर और पंडाल गूंजते रहे। रॉबर्ट्सगंज नगर में बढ़ौली चौराहा स्थित ऑटोमोबाइल संघ के पूजा पंडाल, रामलीला मैदान के पास मां अंबे महोत्सव, श्री आदिशक्ति दुर्गा मंदिर ट्रस्ट, साईं चौक स्थित शक्ति महोत्सव, शीतला मंदिर के समीप नवरात्रि महोत्सव समिति, मेन चौक स्थित नवदुर्गा पूजा महोत्सव समिति और गुरुद्वारा के पास जय मां शेरावाली महोत्सव में श्रद्धालु पहुंचे। बैंक ऑफ बड़ौदा के पास श्री दुर्गा पूजा महोत्सव समिति, सिविल लाइन रोड स्थित मां कालरात्रि महोत्सव समिति और अंबेडकरनगर के जय मां दुर्गा पूजन महोत्सव समिति के पंडालों में भी दर्शन-पूजन हुआ। आयोजन समितियों के स्वयंसेवक व्यवस्था संभालते रहे, जबकि पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात रहे। रॉबर्ट्सगंज के उत्तर मोहाल स्थित प्राचीन शीतला मंदिर, पूरब मोहाल के सातो मइया शीतला मंदिर, दंडईत बाबा मंदिर परिसर के दक्षिणेश्वर काली मंदिर, मेन मार्केट और साईं चौक स्थित दुर्गा मंदिर में भक्तों की भीड़ रही। चोपन ब्लॉक के कुड़ारी गांव में सोन नदी के तट पर स्थित कुंडवासिनी देवी मंदिर और डाला के बारी स्थित मां वैष्णो देवी मंदिर में भी श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने नारियल, चुनरी और प्रसाद चढ़ाकर सुख-शांति की कामना की। मां वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं ने पिंडी स्वरूप में विराजमान त्रिदेवियों के दर्शन किए। मंदिर परिसर में चना और हलवे का प्रसाद वितरित किया गया। शक्तिनगर में शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर विश्व हिंदू परिषद के शक्तिनगर प्रखंड की ओर से शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी देवी मंदिर परिसर में सामूहिक कन्या पूजन किया गया। कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर विधि-विधान से पूजन किया गया। कार्यक्रम में विहिप के प्रांत प्रशासनिक प्रमुख हेमंत मिश्रा, जिला मातृशक्ति प्रमुख सुनीता दुबे, राहुल शर्मा, प्रखंड संयोजक राहुल जायसवाल, दया कुशवाहा और मुकेश सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समन्वय और व्यवस्था की जिम्मेदारी प्रखंड मंत्री पंकज चौबे ने निभाई। एनसीएल बीना कोयला क्षेत्र के आवासीय परिसर स्थित पंडाल में पुजारी पुष्पल चक्रवर्ती के मार्गदर्शन में यजमान मानस कुमार नायक ने पूजा, हवन और आरती की। कृष्णशिला परियोजना के पंडाल में आचार्य लक्ष्मी नारायण तिवारी के मार्गदर्शन में यजमान बबऊ राम ने अनुष्ठान किया। रेणुसागर में नवरात्र के अवसर पर फोनिक्स क्लब रेणुसागर की ओर से पैराडाइज प्रेक्षागृह परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नवदुर्गा के स्वरूपों का मंचन और बच्चों की महिषासुर मर्दिनी नृत्य नाटिका आकर्षण का केंद्र रही। प्रस्तुतियों के माध्यम से मां दुर्गा की शक्ति और महिषासुर पर विजय की गाथा दिखाई गई। दिशिता महिला मंडल रेणुसागर की सदस्याओं ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों और उनकी महिमा को प्रस्तुत किया। दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में हिंडाल्को रेणुसागर के यूनिट हेड आरपी सिंह, दिशिता महिला मंडल की सदस्य इंदु सिंह, संचालन हेड मनीष जैन, एचआर हेड आशीष पांडेय, संदीप येवले, निखिल जैन, मृदुल भारद्वाज, अभिनित सिंह, दीपक गहलोत और वरिष्ठ सदस्य रीना जैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें