सोनभद्र। विशेष संचारी रोग व दस्तक अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ बुधवार को किया गया। इसके तहत ग्राम पंचायतों में 118 मशीनें लगाकर सैनिटाइजेशन का कार्य तो शुरू ही किया गया, साथ ही साफ सफाई का भी कार्य कराया गया। सीडीओ अजय कुमार द्विवेदी ने सैनिटाइजेशन व साफ-सफाई अभियान का जायजा भी लिया। जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल के मुताबिक राबर्ट्सगंज ब्लाक के गांवों में 46 मशीनें लगाकर सैनिटाइजेशन कार्य का शुभारंभ किया गया। जिले के सभी 637 ग्राम पंचायतों में सैनिटाइजेशन का कार्य कराया जाएगा। सैनिटाइजेशन कार्य का शुभारंभ सीडीओ ने ग्राम पंचायत लोढ़ी से किया। इस दौरान उन्होंने गांवों में साफ-सफाई की स्थिति का जायजा भी लिया। साथ ही मातहतों के सैनिटाइजेशन व साफ-सफाई का कार्य जिम्मेदारी से कराने की हिदायत भी दी। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि राबर्ट्सगंज के अलावा चोपन ब्लाक में 12 मशीनें, घोरावल में 20, म्योरपुर में 13, दुद्धी में आठ, चतरा में 10, नगवां में पांच व बभनी में चार मशीनों सहित कुल 118 मशीनें लगाकर सैनिटाइजेशन कार्य की शुरूआत कराई गई है। उन्होंने बताया कि सैनिटाइजेशन के अलावा सफाईकर्मियों की टोलियां बनाकर ग्राम पंचायतों में साफ सफाई भी कराई जा रही है। इसके अलावा जल निकासी की भी व्यवस्था की जा रही है। सैनिटाइजेशन व साफ-सफाई का अभियान 31 जुलाई तक चलेगा। साफ-सफाई के साथ ही लोगों को कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है और अनुसूचित जाति बस्तियों में साबुन का भी वितरण किया जा रहा है।