सोनभद्र। सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार ने शनिवार की दोपहर सीएचसी चोपन और उसके अधीन संचालित अन्य पीएचसी का निरीक्षण किया। जहां अनुपस्थित कर्मियों का वेतन रोकने के साथ ही अन्य जरूरी निर्देश दिए।
सीएमओ सबसे पहले सवा एक बजे पीएचसी जुगैल पहुंचे। लैब असिस्टेंट भरत राम बिना अवकाश दो दिनों से गायब मिले। सीएमओ ने उनका वेतन रोकने का निर्देश दिया। अस्पताल के आपरेशन थिएटर की छत से पानी टपकता मिला, जबकि पूरे परिसर की फर्श कई स्थानों पर टूटी थी। इस पर जरूरी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। इसके बाद वे पीएचसी भरहरी पहुंचे। निरीक्षण में सामने आया कि यहां तैनात चिकित्सक पीजी के लिए गए हैं, जबकि यहां कोई चिकित्सक तैनात नहीं हैं। वार्ड ब्वाय ने बताया कि यहां तैनात फार्मासिस्ट दवा लेने के लिए सीएचसी पर गए हैं। एएनएम का पद रिक्त होने की बात सामने आई। जिसपर सीएमओ ने संबंधित को दूसरे स्थान की एएनएम के माध्यम से टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। यहां आवासीय परिसर की बिल्डिंग भी रहने योग्य नहीं थी।
ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस (वीएचएनडी) के निरीक्षण में एएनएम ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुमन अनुपस्थित हैं। उनकी ओर से टीकाकरण में सहयोग नहीं किया जा रहा है। इस पर सीएमओ ने संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए पत्राचार करने को सीएचसी अधीक्षक चोपन को निर्देश दिया। सीएमओ ने कहा कि उपचार में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।