सोनभद्र। सदर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को रुपये लेकर शादी में सजावट करने वाले के खिलाफ धोखधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी पर एक व्यक्ति से एक लाख 43 हजार रुपये लेकर शादी में काम न करने और रुपये वापस मांगने पर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट करने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि राबर्ट्सगंज नगर निवासी रविन्द्र अग्रवाल का कहना है कि उनकी पुत्री की शादी 21 नवंबर 2021 को एक होटल में थी। सजावट, लाइट तथा टेन्ट के कार्य के लिए रोहित शुक्ला, ग्लैमेक्स इवेन्ट मैनेजमेन्ट सिगरा वाराणसी को पांच लाख में ठेका दिया गया था। शादी के पांच दिन पूर्व रोहित ने कार्य करने से मना कर दिया। किसी तरह डबल पैसा खर्च कर शादी संपन्न हुई। शादी होने के बाद उन्होंने अपना पैसा वापस मांगा तो सिर्फ 32 हजार रूपये उनके खाते में वापस किया गया। जब वह रोहित के पते पर पहुंचे तो पता चला कि सजवाट का काम करने वाला कोई व्यक्ति नहीं है। कोतवाल सत्य नारायण मिश्रा ने बताया कि रोहित शुक्ला के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।