ओबरा। नगर के वार्ड दस मिल्लत नगर में रह रहे रहवासियों ने वार्ड की गली में बैरिकेट लगाने को लेकर शुक्रवार को जमकर नोकझोंक हुई। रहवासियों की मांग पर नगर प्रशासन की ओर से हो रहे कार्य पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। नगर पंचायत कर्मियों से विवाद की नौबत बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।वार्ड के रहवासियों ने ओबरा एसडीएम, नगर पंचायत ओबरा और डीएम कार्यालय में पत्रक सौंप कर मांग किया गया था कि महज 12 फीट चौड़े खड़ंजा निर्मित मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश एक व्यक्ति द्वारा अपने व्यवसाय के सिलसिले में कराया जाता है। इसके चलते आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
इस समस्या के मद्देनजर शुक्रवार को एसडीएम ओबरा के निर्देश पर नगर पंचायत कर्मियों द्वारा हैवी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए लोहे का एंगल लगाने का कार्य प्रारंभ करा दिया गया। थोड़ी ही देर में मौके पर पहुंचकर दूसरे पक्ष के लोग नगर पंचायत कर्मियों से विवाद करने लगे। मामला बिगड़ता देख नगर पंचायत के जिम्मेदारों ने सूचना ओबरा थाने पर दी। थाना प्रभारी मिथिलेश मिश्रा औश्र कस्बा चौकी इंचार्ज अमित कुमार त्रिपाठी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में कार्य पूर्ण हुआ। ईओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि जनहित में समस्या को ध्यान में रखते हुए बैरिकेड लगवाया गया है।
बताया कि 12 फीट तक गली अथवा रिहायशी क्षेत्रों में खड़ंजा निर्मित सड़क पर किसी भी तरह के हैवी वाहनों का प्रवेश कराया जाना पूरी तरह से दुर्घटना को दावत देने जैसा है। समस्या को लेकर रहवासियों ने कई बार ज्ञापन नगर पंचायत को सौंपा गया था। इसे देखते हुए यह कार्रवाई ओबरा एसडीएम के निर्देशन में कराई गई है।