एआटीओ कार्यालय में वाहन टैक्स छूट शिविर में शामिल वाहन स्वामी। संवाद
सोनभद्र। परिवहन विभाग की ओर से शनिवार को कार्यालय परिसर में बकाया वाहन टैक्स की वसूली के लिए विशेष कैंप लगाया गया। इसमें 65 वाहन स्वामियों ने पेनाल्टी में छूट का लाभ लेते हुए करीब 60 लाख रुपये का बकाया टैक्स जमा किया। कई वाहन स्वामियों ने डिजिटल माध्यम से भी भुगतान किया। एआरटीओ कौशल कुमार सिंह ने बताया कि शासन की ओर से दी जा रही पेनाल्टी में छूट का लाभ वाहन स्वामियों को दिया गया। कैंप के माध्यम से विभाग को करीब 60 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। उन्होंने बकायेदार वाहन स्वामियों से निर्धारित छूट का लाभ उठाकर जल्द टैक्स जमा करने की अपील की। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, जिले में अभी भी 11,567 वाहन स्वामियों पर करीब 88 करोड़ 40 लाख रुपये का टैक्स बकाया है। बकाया वसूली के लिए वाहन स्वामियों को नोटिस जारी करने के साथ तहसीलों के माध्यम से आरसी भी भेजी जा रही है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में बकायेदार भुगतान नहीं कर रहे हैं। विभाग ने बड़े बकायेदारों से वसूली के लिए भी कार्रवाई तेज कर दी है। इनमें सौरभ सिंह, बालाजी मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड की पांच गाड़ियां, नीलम ग्रुप, आशुतोष कुमार पाठक, अभिषेक और नीरज कुमार के नाम शामिल हैं। कैंप में एआरटीओ कौशल कुमार सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन सुधा सिंह, प्रधान सहायक कृपाशंकर दुबे आदि उपस्थित रहे।