राॅबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर सड़क की मरम्मत करते श्रमिक। स्रोत: जागरूक पाठक
सोनभद्र। सावन में बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए जाने वाले भक्तों को अब गड्ढों में हिचकोले नहीं खाने होंगे। कांवड़ यात्रा वाले मार्गों के गड्ढे भरने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू हो गया है। घोरावल-रॉबर्ट्सगंज मार्ग पर ज्यादातर गड्ढे भरे भी जा चुके हैं। बीजपुर-बखरिहवा मार्ग पर भी काम चालू है। बता दें कि घोरावल स्थित शिवद्वार मंदिर में जलाभिषेक के लिए सावन भर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है। विजयगढ़ दुर्ग स्थित राम सागर से कांवड़ में जल भरकर शिवभक्त प्रत्येक सोमवार को कई किमी पैदल चलकर शिवद्वार पहुंचते हैं। कांवड़ मार्ग में शामिल रॉबर्ट्सगंज-घोरावल की सड़क पर कई जगह बड़े और गहरे गड्ढे श्रद्धालुओं की राह को कठिन बना रहे थे। अमर उजाला में 29 जुलाई के अंक में इससे संंबंधित संवाद न्यूज एजेंसी की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर छपने के बाद डीएम के निर्देश पर गड्ढों को भरने का कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के एक्सईएन शैलेश सिंह ठाकुर ने बताया कि रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर गड्ढों को भरते हुए पैचवर्क लगभग पूरा कर लिया गया है। कोन-तेलगुड़वा और बीजपुर-बखरिहवा मार्ग पर गड्ढे भरने के लिए संंबंधित खंडों को निर्देशित किया गया है।