बीजपुर। म्योरपुर ब्लॉक क्षेत्र के पिंडारी गांव में गहदूल मोड़ से टेकुवा तक करीब तीन किलोमीटर लंबी सड़क बदहाल हो चुकी है। सड़क की परत उखड़ जाने से जगह-जगह नुकीली सोलिंग बाहर निकल आई है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन जोखिम भरा हो गया है। नाराज ग्रामीणों ने सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग करते हुए विरोध जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब तीन वर्षों से सड़क जर्जर हालत में है। सड़क पर निकली सोलिंग के कारण आए दिन राहगीर और दोपहिया चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी आपातकालीन परिस्थितियों में होती है, जब एंबुलेंस और अन्य वाहन गांव तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करते हैं। ग्रामीण सोहन जायसवाल, लीलावती, फूलमती, राजकुमारी, सुदामा देवी, बसंती, सुबासो, रामवत देवी, सीता देवी, संगीता, फूल कुंवर, रमेश, मान सिंह, बृजमोहन, दयाशंकर गौड़, अरविंद जायसवाल और रामप्रसाद गौड़ आदि ने बताया कि खराब सड़क के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों ने गहदूल मोड़ से टेकुवा तक सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।