सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। जिला अस्पताल में घायलों का उपचार चल रहा है। हादसा बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे हुआ।
भरसही गांव निवासी गुड्डू (48), अमरेश (40) और संतोष (40) राबर्ट्सगंज बाजार से एक ही बाइक पर बैठ अपने घर की ओर जा रहे थे। सोनारी गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो ने उनकी बाइक में टक्कर मार और भाग निकला। घटना में बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां उपचार के दौरान गुड्डू की मौत हो गई । मृतक और घायल मजदूरी कर अपनी आजीविका चलाते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक और घायलों के घरवाले अस्पताल पहुंच गए। शुक्रवार को पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने में जुटी रही।