सोनभद्र। निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच शासन ने लोकसभा-विधानसभा की मतदाता सूची का पुनरीक्षण भी शुरू कर दिया है। एक जनवरी 2023 को 18 वर्ष की आयु पूरा करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए नौ नवंबर को आलेख्य प्रकाशन होगा। मतदाता अपने बूथ पर बीएलओ से संपर्क कर आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं या वेबसाइट से भी डाउनलोड कर सकते हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सहदेव मिश्र ने बताया कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत नौ नवंबर का प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। इसके बाद 12, 20, 26 नवंबर और चार दिसंबर को विशेष कैंप बूथों पर आयोजित होगा। जो एक जनवरी 2023 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर लेंगे अथवा उससे अधिक आयु के लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे व्यक्ति अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फार्म-6 में आवेदन कर सकते हैं। फार्म-6 में आवेदन करते समय मतदाता को अपना रंगीन पासपोर्ट साइज की फोटो भी लगाना अनिवार्य होगा। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 18 वर्ष के आयु पूर्ण करने वाले मतदाताओं के संबंध में फार्म-6 के साथ उम्र का साक्ष्य भी संलग्न करना अनिवार्य होगा।