जिले में चल रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के आठवें दिन सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए विशेष जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस दौरान ट्रैक्टर-ट्रालियों पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए, जिससे रात्रि के समय वाहनों की दृश्यता बढ़ाई जा सके। ट्रैक्टरों में लगी बैक लाइट, फॉग लाइट एवं इंडिकेटर की क्रियाशीलता की जांच की गई। जिन वाहनों में लाइटें खराब पाई गईं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। ट्रैक्टर चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें ट्रैक्टर-ट्राली पर सवारी न बैठाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। इसके अतिरिक्त, अभियान के दौरान हेलमेट न पहनने, सीट बेल्ट न लगाने, गलत दिशा में वाहन चलाने एवं वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान की कार्रवाई भी की गई। अभियान में एआरटीओ राजेश्वर यादव, कौशल सिंह एवं यात्री कर अधिकारी मनोज कुमार ने सक्रिय रूप से सहभागिता की गई।