नगर पालिका परिषद (राबर्ट्सगंज) सोनभद्र के साथ ही सभी नगर पंचायतों में सोमवार को जनसुनवाई (संभव) दिवस का आयोजन हुआ। सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक संबंधित निकायों में अधिशासी अधिकारी ने जनसमस्याओं को सुना और उसका निस्तारण कराया।
नोडल अधिकारी विजय कुमार यादव ने बताया कि नगर पालिका परिषद सोनभद्र में कुल पांच मामले आए। प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई से संबंधित सभी मामले रहे। इसका निस्तारण संबंधितों को निर्देशित करके कराया गया। इसी तरह नगर पंचायत चुर्क-गुरमा में एक, नगर पंचायत चोपन में दो, नगर पंचायत ओबरा में दो, नगर पंचायत रेणुकूट में एक, नगर पंचायत दुद्धी में दो, नगर पंचायत डाला बाजार में एक, नगर पंचायत अनपरा में एक मामला निस्तारित हुआ। सभी निकायों को मिलाकर कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें मुख्य रूप से साफ-सफाई पेयजल व मार्ग प्रकाश से संबंधित सभी शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया गया। नोडल अधिकारी ने बताया कि जनता की समस्याओं से रूबरू होने व उसका समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की शीर्ष प्राथमिकता पर है।
समाधान दिवस पर सबसे ज्यादा आवास के मामले
- राज्यमंत्री ने म्योरपुर गांव में पंचायत भवन पर सुनीं शिकायत
दुद्धी/म्योरपुर/आसनडीह। ग्राम पंचायतों में सोमवार को ग्राम समाधान दिवस का आयोजन हुआ। म्योरपुर में राज्यमंत्री संजीव गोंड ने मौजूद होकर लोगों की शिकायतें सुनी। समाधान का भरोसा दिया। दुद्धी के झारोखुर्द में एसडीएम ने सुनवाई की।
ग्राम पंचायत भवन पर सुनवाई के दौरान राज्य मंत्री के सामने सबसे अधिक आवास से जुड़े मामले पहुंचे। डीपीआरओ विशाल सिंह ने कहा कि आवास लक्ष्य के हिसाब से मिलता है। जिनको आवास नहीं मिला है, उनको बारी-बारी से आवास आवंटित किया जाएगा। इसके बाद राज्य मंत्री में सरकार की योजनाओं का लाभ सभी तक पहुंचाने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान एनटीपीसी की ओर से 350 लोगों को कंबल वितरित किया गया। सुनवाई में ब्लाक प्रमुख चोपन लीला देवी, म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड, भाजपा जिला महामंत्री जीत सिंह खरवार, ग्राम प्रधान संगीता गणेश जायसवाल, सीएसआर प्रमुख पंकज मेदीरत्ता, एनटीपीसी उपप्रबंधक अरविंद शुक्ला, एडीओ पंचायत रविदत्त मिश्र आदि मौजूद रहे। आसनडीह: सागोबांध के पंचायत भवन पर ग्राम समाधान दिवस प्रधान अनामिका देवी की अध्यक्षता में हुआ। इसमें हैंडपंप, पेयजल, खड़ंजा, नए राशन कार्ड बनवाने की समस्याएं रहीं, जिनका मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। सेक्रेट्री अरुण कुमार उपाध्याय, लेखपाल वेदप्रकाश नागर, नोडल अधिकारी विकास दुबे आदि मौजूद रहे।
दुद्धी ब्लाक के ग्राम पंचायत दुमहान, सरडीहा, झारोखुर्द, जाबर, निमियाडीह, बरखोहरा, धरतीडोलवा में ग्राम समाधान दिवस का आयोजन किया गया। झारोखुर्द में एसडीएम शैलेंद्र मिश्रा ने सड़क, बिजली संबंधित मामलों की सुनवाई की। सेक्रेट्री आशा देवी को मौके का निरीक्षण कर जल्द निस्तारण करने का निर्देश दिया। एडीओ समर बहादुर सिंह व प्रधान किरण चौबे ने पतरिहा गांव में जनसुनवाई की। कुल 57 मामले आए, सभी आवास से संबंधित रहे। दुमहान गांव में प्रधान सरजू प्रसाद व एडीओ पीपी रामप्यारे की मौजूदगी में सात मामलों का समाधान हुआ। सरडीहा गांव में सचिव सुषमा तिवारी, जाबर में प्रधान प्रतिनिधि अभय जायसवाल व सीडीपीओ दुद्धी, निमियाडीह में बीईओ महेंद्र मौर्य, बरखोहरा गांव में बीडीओ सुनील सिंह ने शिकायतें सुनी।
नहीं पहुंचे नोडल अधिकारी, ग्रामीणों में नाराजगी
महुली। दुद्धी ब्लाक के पतरिहा ग्राम पंचायत में सोमवार को ग्राम समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों की ओर से विभिन्न समस्याओं को लेकर 50 से अधिक प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिसमें दो मामलों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। वहीं समाधान दिवस में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गये एडीओ पंचायत दुद्धी के नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में खासी नाराजगी देखी गई। ग्राम प्रधान किरन देवी, ग्राम विकास अधिकारी राकेश यादव, बीडीसी रामनरेश पठारी, बुंदेल चौबे, लेखपाल, एएनएम,आशा बहनें, आंगनबाड़ी कार्यकत्री सहित गांव के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।