चुर्क मोड पर गेट का होता सुंदरीकरण। संवाद
सोनभद्र। नगर पालिका प्रशासन ने शहर की सुंदरता और पहचान को नया स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। नगर के विस्तारित क्षेत्र में जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पड़े स्वागत द्वारों का जहां जीर्णोद्धार (सौंदर्यीकरण) का काम कराया जा रहा है। वहीं चुर्क मोड़ पर लगी छत्रपति शिवाजी की मूर्ति का चबूतरा ऊंचा करते हुए वहां भी सुंदरीकरण का काम होगा। साथ ही चुर्क मोड़ का नामकरण शिवाजी के नाम पर करने का फैसला किया गया है। इससे न सिर्फ शहर को नई पहचान मिलेगी बल्कि यहां की सुंदरता भी बढ़ेगी। वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग से चुर्क नगर पंचायत तरफ जाने वाले मोड़ पर वर्षों पहले लाखों रुपये की लागत से स्वागत द्वार का निर्माण कराया गया था। जिस समय यह स्वागत द्वार बना था, उस समय यह छपका ग्राम पंचायत का हिस्सा था। इसी तरह सर्किट हाउस मोड़ पर स्वागत द्वार का निर्माण कराया गया था, उस समय यह क्षेत्र लोढ़ी में था। समय बीतने के साथ ही दोनों स्वागत द्वार जीर्ण-शीर्ण स्थिति को प्राप्त हो गए। सीमा विस्तार के बाद यह क्षेत्र नगर में शामिल हो गए हैं। अब नगर पालिका प्रशासन की तरफ से जीर्ण-शीर्ण स्थिति में पड़े दोनों स्वागत द्वार का जीर्णोद्धार शुरू कराया गया है। नगर पालिका के अधिकारियों की मानें तो राज्यवित्त मद से दोनों स्वागत द्वार का जीर्णोद्धार कार्य हो रहा है। दोनों गेट पर एसीपी पाइप लगाकर भव्य बनाया जा रहा है। स्वागत द्वार पर लाइटिंग की भी व्यवस्था होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जीर्णोद्धार कार्यों में तेजी आई है। नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि चुर्क मोड़ पर लगी शिवाजी की मूर्ति और स्वागत द्वार का लोकार्पण कराया जाएगा। इसके साथ ही चुर्क मोड़ का नामकरण भी शिवाजी के नाम पर होगा। चुर्क मोड़ पर स्थापित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा वर्तमान में अपेक्षाकृत नीचे होने के कारण दूर से स्पष्ट दिखाई नहीं देती। इसे ध्यान में रखते हुए प्रतिमा के चबूतरे की ऊंचाई लगभग दो से तीन फीट बढ़ाई जाएगी। इसके बाद प्रतिमा को पुनः स्थापित कर पूरे परिसर का सुंदरीकरण किया जाएगा। प्रतिमा से स्वागत द्वार तक आकर्षक लाइटिंग की जाएगी और खराब हो चुके सेल्फी पॉइंट का भी नवीनीकरण कराया जाएगा। परिसर में मौजूद पेड़ को हटाने के लिए जिला प्रशासन से अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलते ही शेष कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा। नगर पालिका की योजना है कि सौंदर्यीकरण कार्य पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री से शिवाजी महाराज की प्रतिमा और स्वागत द्वार का लोकार्पण कराया जाए। साथ ही चुर्क मोड़ का नामकरण भी शिवाजी महाराज के नाम पर किए जाने की तैयारी है।