सोनभद्र। म्योरपुर में निर्माणाधीन एयरपोर्ट का शनिवार को विंध्याचल मंडल के आयुक्त डॉ. मुथुकुमार स्वामी बी. ने स्थलीय निरीक्षण किया। निर्माण कार्य में आ रही अड़चनों का जायजा लेते हुए उसे शीघ्र दूर कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले सोगीपाथर के पास सड़क डायवर्जन का हाल जाना। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द जमीन हस्तांतरण के साथ सड़क का निर्माण शुरू कराया जाए, जिससे बाउंड्री का काम पूरा हो सके। इस दौरान एयरपोर्ट अथॉरिटी आफ इंडिया के मैनेजर ने निर्माण में आ रही समस्याओं को बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में एयरपोर्ट का काम ठप है। छोटी-छोटी दिक्कतों के समाधान से कार्य आगे बढ़ेगा। इसके बाद मंडलायुक्त ने कुंडाडीह ग्राम पंचायत के चंद्रभाननगर में भी सड़क निर्माण को लेकर संबंधितों को दिशा निर्देश दिए। एयरपोर्ट को प्राथमिकता के आधार पर बनाने को कहा। निरीक्षण के दौरान डीएम चंद्रविजय सिंह, सीओ दद्दन प्रसाद, तहसीलदार बृजेश वर्मा आदि मौजूद रहे।
मरीजों की पर्ची पर स्पष्ट अक्षरों में लिखें दवा का नाम
सोनभद्र। मंडलायुक्त डाॅ. मुथुकुमार स्वामी बी. ने शनिवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय व 200 बेड के कोविड-19 अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्हाेंने डॉक्टरों को हिदायत दी कि अस्पताल में उपलब्ध दवाओं को ही पर्ची में लिखा जाय। मरीजों को बाहर की दवा न लिखें।
मंडलायुक्त ने पर्ची कक्ष, ओपीडी कक्ष, अल्ट्रासाउंड कक्ष आदि का भ्रमण किया। एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड के लिए आने वाले मरीजों को बिना विलंब किए अल्ट्रासाउंड व एक्स-रे की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बेहतर तरीके से कराई जाय। अस्पताल में आने वाले मरीजों को कोई समस्या न हो। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाय।
200 बेड के कोविड-19 अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में मरम्मत, रंग-रोगन, साफ-सफाई से संबंधित सभी आवश्यक कार्य करा लिए जाएं। निरीक्षण के दौरान डीएम चंद्र विजय सिंह, सीडीओ सौरभ गंगवार, सीएमओ डाॅ. आरजी यादव, मेडिकल काॅलेज के प्रिंसिपल डाॅ. सुरेश कुमार सिंह, सीएमएस डाॅ. अश्वनी आदि उपस्थित रहे।