सोनभद्र। जिले में दो दिन बाद रविवार को थोड़ा मौसम साफ हुआ। हालांकि सुबह के वक्त कोहरे की चादर तनी रहीं। दोपहर 12 बजे के बाद भगवान भाष्कर के दर्शन हुए। सर्द हवाओं के बीच पारा लुढकने से गलन बढ़ गई है। सुबह के वक्त ठिठुरती हालत में लोग दफ्तर पहुंचे। पश्चिम उत्तर प्रदेश में घना कोहरा होने की वजह से जम्मूटवी-टाटानगर मूरी एक्सप्रेस का संचालन तीन घंटे विलंब से हुआ। सोनभद्र रेलवे स्टेशन के अधीक्षक राममनी सारस्वत के मुताबिक डाउन मूरी एक्सप्रेस 18102 का समय सोनभद्र स्टेशन पर नौ बजे का है। रात में तीन घंटे के विलंब से ट्रेन के आने की सूचना मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र चुर्क के प्रेक्षक राजन सिंह के मुताबिक रविवार को चुर्क क्षेत्र का न्यूनतम पारा 10.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। इसके तुलना में शनिवार को न्यूनतम पारा 11.0 और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया था। इस तरह से शनिवार की तुलना में रविवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सर्द हवा से गलन बढ़ी है। ठंड से बचाव के लिए लोग जगह-जगह अलाव तापते नजर आए। शीतलहर को देखते हुए जिले में आठवीं तक के सभी स्कूल 14 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। बीएसए नवीन कुमार पाठक ने बताया कि डीएम के निर्देश पर सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त व मान्यता प्राप्त विद्यालयाें को 14 तक बंद किया गया है। इस अवधि में स्कूल खुले मिले तो संबंधित प्रबंधक व प्रधानाचार्य पर कार्रवाई की जाएगी।