प्राकृतिक संपदा से भरपूर जिले की आबोहवा वैसे तो अमूमन शांत रही है, मगर वर्ष 2021 में अपराध की कई ऐसी घटनाएं हुईं, जिससे पूर्वांचल थर्रा उठा। चाहे मंगेतर को बंधक बनाकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला रहा हो या खेत में बार-बार मवेशी जाने के विवाद में दंपती की हत्या की वारदात। जादू-टोना और भूत-प्रेत के शक में भी कई हत्याएं हुई। रिश्तों में कड़वाहट के मामले सामने आए तो बस शान के लिए करीबी रिश्तेदारों की हत्या का भी जनपद गवाह बना। तमाम अप्रिय घटनाओं के बावजूद अच्छी बात यह रही कि पुलिस ने पूरी तत्परता के साथ इनका खुलासा किया और जनता का विश्वास भी जीता। मानव तस्करी से जुड़े लोगों पर पुलिस ने शिकंजा कसा तो कोर्ट ने भी ताबड़तोड़ फैसलों से अपराधियों पर कानून की चांप चढ़ाई।