सोनभद्र। संचार क्रांति के इस दौर में डाक विभाग लगातार अपनी उपयोगिता सिद्ध कर रहा है। जिले के डाकघरों में अब क्यूआर कोड से भुगतान कर स्पीड पोस्ट, पार्सल और रजिस्टर्ड डाक की बुकिंग की सुविधा शुरू की गई है। इससे लोग अब क्यूआर कोड स्कैन कर डिजिटल भुगतान कर सकते हैं। जल्द ही बचत योजनाओं में भुगतान के लिए भी डाक विभाग में इस तरह की सुविधा शुरू करने की तैयारी चल रही है।
जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज नगर स्थित मुख्य डाक घर के अलावा जिले में कुल 24 उप डाकघर है और 120 से अधिक शाखा डाक घर है। डाकघरों के काउंटर पर नकद की समस्या से ग्राहकों को निजात दिलाने और डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से डाक विभाग की तरफ से बुकिंग काउंटरों पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं। जिन्हें स्कैन कर यूपीआई के माध्यम से डिजिटल भुगतान किया जा सकता है। राबर्ट्सगंज मुख्य डाकघर के साथ ही सभी शाखा डाकघरों में क्यूआर कोड लगाए गए हैं। जहां उपभोक्ता क्यूआर कोड के जरिए भुगतान कर सकते हैं। डाक विभाग के अधिकारियों की मानें तो बीते अप्रैल माह में सर्वप्रथम ये सुविधा मुख्य डाकघर में शुरू की गई थी, इसके बाद धीरे-धीरे सभी डाकघरों में क्यूआर कोड से भुगतान की सुविधा शुरू कर दी गई है। इसके लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डाक निरीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि मुख्य डाकघर सहित जिले के सभी शाखा डाकघरों में क्यूआर कोड से भुगतान ली जा रही है। ये सुविधा सिर्फ स्पीड पोस्ट, पार्सल और रजिस्टर्ड डाक की बुकिंग करने के लिए है। आगे बचत योजनाओं में भी भुगतान के लिए क्यूआर कोड सिस्टम शुरू की जा सकती है।