एआरटीओ कार्यालय में जांच करते मिर्जापुर आरटीओ संजय तिवारी।
- फोटो : SONBHADRA
फर्जी रिलीज आर्डर पर थानेेे से वाहनों को छुड़ाने के मामले में जांच तेज हो गई है। बृहस्पतिवार को मिर्जापुर के आरटीओ प्रशासन और प्रवर्तन की टीम ने सोनभद्र पहुंचकर वाहनों से जुड़े अभिलेख खंगाले। दिन भर एआरटीओ कार्यालय में बैठकर दोनों अफसरों ने एक-एक पत्रावली देखी। करीब 86 ट्रकों को फर्जी आर्डर पर छुड़ाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल अफसरों ने जांच के बाद ही इस मामले में कुछ भी स्पष्ट होने की बात कही है।
खनन, वाणिज्य कर व प्रशासनिक अफसरों की ओर से पकड़े गए वाहनों को एआरटीओ से जारी फर्जी रिलीज आर्डर पर छुड़ाने का मामला करीब एक पखवाड़ा पहले सामने आया था। इसके बाद से परिवहन विभाग में खलबली मची हुई है। अफसर-कर्मचारी सकते में हैं। डीएम की सख्त हिदायत के बाद एआरटीओ पीएस राय ने अब तक अलग-अलग थानों में 56 ट्रकों के स्वामियों व चालकों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। करीब 30 वाहनों के विरुद्ध अभी कार्रवाई संभावित है। पुलिस की विवेचना से अलग परिवहन विभाग ने भी मामले में जांच शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को मिर्जापुर आरटीओ प्रशासन संजय तिवारी व आरटीओ परिवर्तन राजेश कुमार की टीम सोनभद्र पहुंची। एआरटीओ कार्यालय में बैठकर पत्रावलियों का अवलोकन किया। आरटीओ प्रशासन संजय तिवारी ने बताया कि एक अप्रैल 2021 से अब तक की पुराने रिलीज ऑर्डर व वाहनों के ट्रेजरी चालान की जांच की जा रही है। अब तक 56 मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। करीब तीस मुकदमे होने हैं। इतनी बड़ी चूक में विभागीय लापरवाही की भी जांच जारी है। जल्द ही इसमें संलिप्त लोगों के चेहरे सामने आएंगे।