सोनभद्र। शिकायत की सूचना पर शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय नैकाहा पूर्र्वी में जांच करने पहुंचे बीईओ को सहायक अध्यापक ड्यूटी से गायब मिले। बीईओ ने शिक्षक रणधीर यादव का वेतन रोकने की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट बीएसए को भेज दी है। उक्त कार्रवाई विकास खण्ड कोन के नैकाहा के ग्राम प्रधान लक्ष्मी जायसवाल ने बीईओ से की थी। खण्ड शिक्षा अधिकारी कोन देवमणि पाण्डेय के मुताबिक, शिक्षक रणधीर यादव के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई है कि उनके द्वारा शिक्षण कार्य में रूचि नहीं ले जा रही और वह बिना सूचना के अक्सर स्कूल से गायब रहते हैं। जांच करने पर प्रथम दृष्टया शिकायत सही मिली है। शिक्षक का चार दिन का वेतन रोकने की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट बीएसए को भेज दी गई है। उधर ग्राम प्रधान लक्ष्मी जायसवाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को ग्राम शिक्षा समिति के साथ विद्यालय का निरीक्षण करने पर शिक्षक अनुपस्थित मिले। उन्होंने शिक्षक के खिलाफ खण्ड शिक्षाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा था।