बिना मान्यता के संचालित स्कूलों पर कार्रवाई के लगातार निर्देश के बाद भी जिले में ऐसे स्कूल बंद नहीं हुए हैं। डीआईओएस कार्यालय से कराई जांच में इसकी पोल खुली है। चोपन थाना क्षेत्र के पइका गांव में पांचवीं की मान्यता पर 12वीं तक विद्यालय संचालित होता मिला। विद्यालय संचालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी गई है।
पुलिस को दी तहरीर में डीआईओएस कार्यालय के वरिष्ठ सहायक संतोष सिंह ने बताया कि पइका में संचालित सीडी मेमोरियल सीनियर सेकेंड्री स्कूल में छात्र की पिटाई और बिना मान्यता कक्षा संचालन की शिकायत मिली थी। इस पर राजकीय बालिका हाईस्कूल पइका की प्रधानाध्यापक कालिंदी यादव से जांच कराई गई। जांच में वहां बिना मान्यता के छह से आठवीं तक की कक्षाएं चल रही थीं।
जांच अधिकारी ने अपनी आख्या में लिखा है कि विद्यालय में नौ से 12वीं तक की कक्षाएं संचालित होने की पुष्टि हुई जबकि विद्यालय को पांचवीं तक की मान्यता ही दी गई है। तहरीर में विद्यालय संचालक व प्रबंधक रमेश मिश्रा के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की गई है। चोपन एसओ लक्ष्मण पर्वत ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।