चोपन/रेणुसागर। शारदीय नवरात्र के अवसर पर क्षेत्र में रामलीला मंचन का दौर शुरू हो गया है। चोपन रेलवे रामलीला का शुभारंभ मुकुट पूजन और नारद मोह लीला के मंचन के साथ हुआ। वहीं, अनपरा के औड़ी दुरासनी मंदिर परिसर में श्री विष्णु रामलीला समिति एवं नाट्य कला परिषद की ओर से आयोजित रामलीला महोत्सव का उद्घाटन विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। दोनों स्थानों पर कलाकारों ने नारद मोह प्रसंग का मंचन कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। चोपन रेलवे रामलीला का शुभारंभ पूर्व मध्य रेलवे के मंडल यातायात प्रबंधक रणजीत कुमार ने फीता काटकर किया। इसके बाद विधि-विधान से मुकुट पूजन संपन्न हुआ और नारद मोह लीला का मंचन किया गया। इस मौके पर विहिप के जिलाध्यक्ष विद्याशंकर पांडेय, नरसिंह तिवारी, संजीव तिवारी, उमेश सिंह, हीरालाल वर्मा आदि उपस्थित रहे। मंच संचालन संजय चेतन ने किया। वहीं अनपरा के औड़ी दुरासनी मंदिर परिसर में मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष विश्राम प्रसाद बैसवार ने फीता काटकर रामलीला का शुभारंभ किया। पहले दिन कलाकारों ने नारद मोह प्रसंग का सजीव मंचन किया। इस मौके पर सभासद रामनरेश बैसवार, पवन कुमार बैसवार, सिद्धनाथ दुबे, अनिल कुमार दुबे, अरुण कुमार दुबे, रवि कुमार आदि उपस्थित रहे।