सोनभद्र। सब ठीक रहा तो सोनभद्र रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव जल्द शुरू होगा। इसके लिए प्लेटफार्म नंबर एक का विस्तारीकरण पूरा होने का इंतजार है। दिल्ली से रांची के बीच चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस के सोनभद्र रेलवे स्टेशन पर ठहराव के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के प्रस्ताव पर रेलमंत्री ने सहमति जताई है। राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव से जिला मुख्यालय के साथ ही आस-पास के क्षेत्र के लोगों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। चोपन-चुनार रेलमार्ग पर विद्युतीकरण होने के बाद महानगरों को सीधे जोड़ने के लिए राजधानी एक्सप्रेस का संचालन शुरू कराने की मांग की जा रही थी। इस पर बीते दिनों रेल मंत्रालय ने मुहर लगा दी और राजधानी एक्सप्रेस का संचालन भी सप्ताह में एक दिन होने लगा है, मगर राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव जिला मुख्यालय स्थित सोनभद्र रेलवे स्टेशन पर नहीं हो रहा है। यह ट्रेन सिर्फ चोपन और रेणुकूट स्टेशन पर रूक रही है। जिला मुख्यालय पर राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव की मांग पर जिले को गोद लिए केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ राज्यसभा सांसद रामशकल रेलमंत्री का ध्यान आकृष्ट करा चुके हैं। रेलमंत्री की तरफ से इस पर सहमति भी जताई गई है। बताया जा रहा है कि सोनभद्र रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक की लंबाई सिर्फ 400 मीटर है। इस नाते यहां राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव शुरू नहीं किया गया। अब प्लेटफार्म की लंबाई एक तरफ 150 मीटर और दूसरी तरफ 50 मीटर बढ़ाई जा रही है। विस्तारीकरण का काम पूरा होने पर प्लेटफार्म की लंबाई बढ़कर 600 मीटर हो जाएगी। सब कुछ ठीक रहा तो प्लेटफार्म के विस्तारीकरण का काम पूरा होने के साथ ही यहां राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव होने लगेगा।
जिला मुख्यालय स्थित सोनभद्र रेलवे स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव करने के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के प्रस्ताव पर रेलमंत्री ने सहमति दी है। प्लेटफार्म नंबर एक का विस्तार होने के बाद यहां ट्रेन का ठहराव शुरू होने की उम्मीद है। - श्रीकृष्ण गौतम, सदस्य राष्ट्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्श दात्री काउंसिल।