एनसीएल की होल्डिंग कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड को भारत की सबसे भरोसेमंद पब्लिक सेक्टर कंपनी के अवार्ड से नवाजा गया है। इंडस्ट्री चेंबर ‘एसोचैम’ ने कोलकाता में आयोजित ‘एनर्जी मीट एवं एक्सिलेंस अवॉर्ड’ समारोह में कोल इंडिया को यह सम्मान दिया। कंपनी को यह सम्मान ऐसे वक्त में मिला है जब पिछले कुछ महीनों में कोल इंडिया ने बिजली क्षेत्र के लिए कोयले की बढ़ी मांग को पूरा करने के लिए कोयला उत्पादन एवं सप्लाई में काफी बढ़ोतरी कर देश को बिजली संकट से बचाया है। तमाम कठिनाइयों के बीच कोल इंडिया ने लगातार कार्य करते हुए कोयला उत्पादन व सप्लाई में बढ़ोतरी की और देश में बिजली बनाए जाने के लिए कोयले की कमी नहीं होने दी।