विंढमगंज। दुद्धी विकास खंड के ग्राम पंचायत सलैयाडिह में सरकारी कोटे की दुकान पर राशन वितरण में गड़बड़ी का आरोप लगा कर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्डधारकों ने कोटेदार के खिलाफ नारेबाजी की। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि किंशू सिंह ने कोटेदार से बातचीत की। मुफ्त राशन से वंचित कार्डधारक मुन्ना कुशवाहा, रमेश कुमार, महेंद्र प्रसाद, सीताराम, उपेंद्र कुमार, सुरेंद्र कुमार, जितेंद्र प्रसाद, दिनेश कुमार, कुंती देवी, प्रमिला देवी आदि ने बताया कि ई-पास मशीन पर उनका अंगूठा नहीं लग रहा है। सभी ने इसके लिए डीलर और संबंधित अधिकारी पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। इस बावत कोटेदारों सुरेश का कहना है कि शासन ने दर्जनों राशन कार्ड निरस्त कर दिए हैं। ई-पास मशीन जब तक अंगूठा नहीं लगेगा तब तक राशन कार्ड धारक को खाद्यान्न नहीं दे सकते। कहा कि कुछ कार्ड धारकों के डिजिटल आईडी के दस्तावेज में गड़बड़ियां हुई हैं। इसे सुधरवाया जा रहा है। दुद्धी के आपूर्ति निरीक्षक रामलाल यादव ने कहा कि आधार कार्ड की फीडिंग सही तरीके से नहीं होने पर कुछ कार्ड निरस्त किए गए हैं। संबंधित कार्ड धारक तहसील जाकर राशन कार्ड में व्याप्त कमियों को दूर करा सकते हैं।