सोनभद्र। बेतहाशा बिजली कटौती के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबाेधित ज्ञापन सौंपते हुए बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की।
जिलाध्यक्ष रमेश गौतम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि सोनभद्र सहित पूरे प्रदेश में बिजली की बेतहाशा कटौती जारी है। भीषण गर्मी में जनता बिजली कटौती से बेहाल है। गर्मी की वजह से अस्पतालों में लोग भर्ती हो रहे हैं। उनकी जान जा रही है। पूर्वांचल में ही सैकड़ों मौत हो चुकी है। महिला प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुशीला वर्मा ने कहा कि प्रदेश के अस्पतालों में भर्ती मरीज गर्मी से बेहाल होकर भाग रहे हैं। गर्मी के कारण तमाम बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। काशी प्रांत उपाध्यक्ष नीरज पांडे ने कहा कि सोनभद्र को ऊर्जांचल कहा जाता है। फिर भी स्थानीय लोगों को ठीक 12 घंटा भी बिजली नहीं मिल पा रही है। ज्ञापन सौंपने वालों में वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष संतोष त्यागी, राजेश कुमार श्रीवास्तव, रामआसरे, दिनेश पटेल, वशिष्ठ पनिका, रमाकांत आदि शामिल रहे।