फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अधिग्रहण की आहट से ग्रामीणों की बढ़ी चिंता

विज्ञापन
पटवध स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में शामिल ग्रामीण। जागरूक पाठक 
विज्ञापन
सलखन। विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए सोनभद्र में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने की आहट से गवर्नमेंट ग्रांट वर्ग 1-ख की जमीन पर पीढ़ियों से बसे परिवारों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों को आशंका है कि भूमि की मौजूदा राजस्व श्रेणी के कारण अधिग्रहण के समय उन्हें उचित मुआवजा और पुनर्वास का लाभ मिलने में कठिनाई हो सकती है। रविवार को चोपन ब्लॉक के पटवध स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर परिसर में मूल निवासी अधिकार मंच की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा की गई। साथ ही पात्र खातेदारों को संक्रमणीय भूमिधरी अधिकार देने की मांग उठाई गई। बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि वे पीढ़ियों से गवर्नमेंट ग्रांट वर्ग 1-ख की जमीन पर काबिज हैं। इसी भूमि पर खेती और आवास के जरिये उनके परिवारों की आजीविका चलती है। अब विकास परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने से उन्हें अपने भविष्य की चिंता सता रही है। मंच के संयोजक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि जिन जमीनों पर हजारों परिवार पीढ़ियों से बसे हैं, यदि वही भूमि विकास परियोजना के लिए अधिग्रहित की जाती है तो प्रभावित परिवारों के भविष्य की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। भूमि की कानूनी स्थिति स्पष्ट नहीं होने से ग्रामीणों के सामने मुआवजे, पुनर्वास और आजीविका को लेकर असमंजस की स्थिति है। वक्ताओं ने कहा कि सोनभद्र का विकास जरूरी है और विकास परियोजनाओं का स्वागत है, लेकिन इसके साथ पीढ़ियों से बसे ग्रामीणों के भूमि अधिकारों, उचित मुआवजे और आने वाली पीढ़ियों के हितों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। मंच ने भौमिक अधिकार अभियान को आगे बढ़ाने और ग्रामीणों को उनके भूमि संबंधी अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। बैठक को धर्मेंद्र सिंह, पूर्व बीडीसी अमरनाथ सूर्य, चुनमुन प्रधान, ग्राम प्रधान राम प्रताप साहनी, महेश जायसवाल और दीपक दुबे सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें