म्योरपुर के बिड़ला विद्या मंदिर इंटरमीडिएट कॉलेज में कठपुतली नाटक और लोकगीतों से स्वच्छता के प्
म्योरपुर। विश्व शौचालय दिवस पर बृहस्पतिवार को बिड़ला विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कठपुतली नाटक और लोकगीतों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को स्वच्छता का महत्व समझाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और ग्रामीणों को स्वच्छ शौचालय के उपयोग के प्रति जागरूक करना था। व्यक्तिगत स्वच्छता और बीमारियों से बचाव पर भी जोर दिया गया। लोगों को खुले में शौच से होने वाले संक्रमण और जलजनित बीमारियों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। सुरक्षित पेयजल के उपयोग और नियमित हाथ धोने का महत्व बताया गया। घरों में शौचालय निर्माण और उसके नियमित इस्तेमाल पर भी बल दिया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों ने स्वच्छता की शपथ ली। उन्होंने स्वयं स्वच्छता अपनाने और दूसरों को प्रेरित करने का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम स्वच्छता कार्यकर्ता कनकलता की देखरेख में आयोजित हुआ। मौके पर प्रधानाचार्य दयाशंकर विश्वकर्मा, ग्राम प्रधान संगीता देवी, गणेश जायसवाल, सुबलाल सिंह, विनय सिंह, श्रवण कुमार, मनोज यादव, अनिरुद्ध मिश्रा, मंजू कुमारी, आयुषी जायसवाल, मंगला प्रसाद आदि मौजूद रहे।