जनजातीय गौरव दिवस पर सोनभद्र के बभनी में वनवासी समागम में आदिवासी महानायक बिरसा मुंडा की प्रतिम?
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। वनवासी समागम में शामिल होने बभनी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आदिवासियों के गौरवशाली अतीत और परंपराओं का जिक्र किया तो उन्हें तरक्की के नए रास्ते भी सुझाए। जंगल से जुड़कर युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलने पर सरकार की प्रतिबद्धता जताई। इसके लिए जंगल की जड़ी-बूड़ी, पर्यटन को माध्यम बनाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनभद्र वन औषधियों की खान है। यहां के जंगलों में नाना प्रकार की जड़ी-बूटियां मौजूद हैं, जिनसे यहां के लोग भली-भांति वाकिफ है। इन जड़ी-बूटियों के महत्व को पूरे देश-प्रदेश में पहुंचाने के लिए यहां के युवाओं को आयुर्वेद के जानकारों से सामंजस्य बनाने की जरूरत है। जंगल में ईको टूरिज्म की संभावनाएं बताते हुए युवाओं को पर्यटन गाइड के रूप में कॅरियर का विकल्प सुझाया। कहा कि प्रदेश सरकार इसके लिए हरसंभव मदद देने को तैयार है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सोनभद्र के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यूपी में 15 जातियां जनजाति के रूप में सूचीबद्ध है। सोनभद्र ऐसा जिला है, जिसमें 13 जातियां न सिर्फ एक साथ रह रही हैं, बल्कि सृष्टि के बदलावों के साथ संघर्ष करते हुए अपने अस्तित्व को बरकरार भी रखे हैं। संभवत: देश का पहला जिला है, जहां एक साथ इतनी जनजातियों का समन्वय है। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी जनजातीय परिवार को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं होना पड़ेगा। इस दौरान सेवा समर्पण संस्थान के अध्यक्ष एसएन राय, सेवाकुंज आश्रम के अध्यक्ष श्रीराम पाठक, मनीराम पाल, कृपाशंकर भगत आदि मौजूद रहे। संचालन डॉ. लखनराम जंगली ने किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान आदिवासी कल्याण के लिए कार्य कर रहे अखिल भारतीय वनवासी सेवा आश्रम से संबद्ध सेवा समर्पण संस्थान के प्रयासों को सराहा। कहा कि संस्था ने आजादी के बाद से ही अब तक वनवासी समाज को समाज की मुख्य धारा से जोड़ते हुए प्रगति पथ पर अग्रसर किया। संस्थान ने अपने व्यक्तिगत खर्चों से जनजाति छात्रों को पठन-पाठन की उत्तम व्यवस्था देकर उन्हें सफल बनाकर देश के विकास में अप्रतिम योगदान को रेखांकित किया।
जनजातीय गौरव दिवस पर सोनभद्र के बभनी में जनजातीय परिवार को वनाधिकार कानून के तहत पट्टे का प्रमाण - फोटो : SONBHADRA
जनजातीय गौरव दिवस पर सोनभद्र के बभनी में आयोजित वनवासी समागम उमड़ी भीड़।- फोटो : SONBHADRA