अनपरा। तकनीकी कारणों से बंद हुई अनपरा की तीसरी और सातवीं इकाई रविवार की देर रात चालू हो गई। इससे निगम को थोड़ी राहत मिली है, लेकिन उमसभरी गर्मी के कारण मांग में लगातार इजाफा हो रहा है। सोमवार को बिजली की मांग साढ़े 26 हजार मेगावाट के पार रही।
प्रबंधन के अनुसार 500 मेगावाट क्षमता वाली अनपरा की सातवीं इकाई तकनीकी कारणों से बंद हो गई थी। कर्मचारियों और अधिकारियों ने मिलकर खामियों को दूर किया और करीब चार घंटे बाद इकाई को चालू कर लिया गया। वहीं 210 मेगावाट की तीसरी इकाई बीटीएल के कारण बंद हुई थी, जिसे भी रविवार की रात दुरुस्त कर उत्पादन पर ले लिया गया। बारिश और धूप के कारण बिजली की मांग में उतार-चढ़ाव जारी है। शुक्रवार को जहां बिजली की अधिकतम मांग 27 हजार मेगावाट का आंकड़ा पार कर गई थी तो रविवार को इसमें 22 सौ मेगावाट की कमी आई थी। सोमवार को तापमान बढ़ने से बिजली की मांग करीब 15 सौ मेगावाट बढ़ गई। सोमवार को प्रदेश में बिजली की अधिकतम मांग 26366 मेगावाट और न्यूनतम मांग 16489 मेगावाट रही।