ओबरा। भीषण गर्मी में लगातार बढ़ती बिजली की मांग को पूरा करने में राज्य उत्पादन निगम को मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है। सभी इकाइयों के फुल लोड पर चलाने के बाद भी बड़ी मात्रा में निजी क्षेत्रों से महंगी बिजली खरीदनी पड़ रही है। जल्द ही उत्पादन निगम को राहत मिलने वाली है। निगम की क्षमता में 660 मेगावाट की वृद्धि होगी।
ओबरा में निर्माणाधीन सी परियोजना की पहली इकाई उत्पादन के लिए तैयार हो चुकी है। 30 जून को इससे उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य है। इससे निगम के साथ प्रदेश के उपभोक्ताओं को भी राहत मिलेगी। इसी माह के शुरुआत में ओबरा पहुंचे प्रदेश के ऊर्जा निगमों के अध्यक्ष एम. देवराज और स्थानीय अधिकारियों के बीच हुए कई दौर की बैठकों के बाद परियोजना की पहली इकाई से 30 जून से उत्पादन शुरू करने का निर्णय लिया था। इसी के बाद से परियोजना प्रबंधन से जुड़े लोग इसे अंतिम रूप देने में जुटे हैं। उप्र पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष एम देवराज प्रदेश में बिजली की उपलब्धता बढ़ाने के लिए प्रदेश की निर्माणाधीन परियोजनाओं से शीघ्र उत्पादन शुरू करने के लिए प्रयासरत हैं। इसी क्रम में उन्होंने पिछले दिनों निर्माणाधीन ओबरा सी परियोजना का निरीक्षण किया था। इसके बाद बैठक कर 30 जून को पहली इकाई से उत्पादन शुरू करने का फैसला किया गया। बता दें कि ओबरा सी तापीय परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली पहली इकाई के प्रारंभिक ट्रायल (सिंक्रोनाइज) का कार्य पूरा कर लिया गया है। इस कार्य के पूरा होते ही अभियंताओं की तरफ से इस इकाई को कोल फीडिंग कर सिंक्रोनाइज करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।