सोनभद्र। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को राबर्ट्सगंज के कांशीराम आवास में जरूरतमंदों को खाद्यान्न का पैकेट वितरित किया। यहां 29 परिवारों के डेढ़ सौ सदस्यों को खाद्यान्न बांटा गया। प्रदेश महासचिव पूर्वी जोन प्रभारी विश्व विजय सिंह व प्रदेश सचिव सोनभद्र के प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह और जिलाध्यक्ष रामराज गौड़ के नेतृत्व में खाद्यान्न बांटा गया। यहां विश्व विजय सिंह ने कहा कि प्रियंका गांधी की पहल पर जिले को सूची में पहला स्थान देते हुए यहां के हर गरीब की हर प्रकार से मदद करने का सिलसिला चल रहा है जो आगे और भी व्यापक रूप से दिखाई देगा। प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रियंका गांधी गरीबों की लड़ाई लड़ रही हैं। गरीबों को उनका अधिकार दिलाया जाएगा, इसका संकल्प प्रियंका ने लिया है। जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गौड़ ने कहा कि प्रियंका ने जो आदिवासियों की लड़ाई उम्भा से लड़ने की शुरुआत की है उसको सोनभद्र के कोने कोने में लड़ा जाएगा। सभी आदिवासी, गरीब का अधिकार दिया जाएगा। प्रियंका की लड़ाई को प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में आगे और भी आक्रामक तरीके से लड़ा जाएगा। राजीव गांधी पंचायती प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र पासवान ने खाद्यान्न वितरण के लिए प्रियंका गांधी को धन्यवाद दिया और कहा कि कांग्रेस हर वर्ग के हितों का ख्याल रख रही है। राजीव त्रिपाठी ने कार्यक्रम की शुरुआत सभी को मास्क देकर किया। यहां पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष नामवर कुशवाहा, ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, सेवादल के जिलाध्यक्ष कौशलेश पाठक, विनोद कुमार तिवारी, राजबली पांडे, दयाशंकर पांडे, सूरज यादव, अरविंद कुमार सिंह, कमलेश ओझा, हाजी फरीद खां मौजूद रहे।