सलखन। चोपन थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार को अर्धनग्न अवस्था में महिला के मिले शव ने क्षेत्र में बढ़ रहे अपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण के पुलिस के दावे पर सवाल खड़ा कर दिया है। हालांकि थाने की पुलिस का कहना है कि महिला दस से दिन से लापता थी, लेकिन उसके परिवार वालों ने उसकी गुमशुदगी की कोई रिपोर्ट नहीं दी थी। इस नाते महिला के गायब होने के मामले में कोई मुकदमा पंजीकृत नहीं है। उधर घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने मृतका के घरवालों से पूछताछ की तो पता चला 13 जनवरी को विवाहिता घर से रिश्तेदार के यहां गई थी। वहां से वह संदिग्ध हाल में लापता हो गई थी। काफी खोजबीन करने के बाद भी उसका पता नहीं चला। वहीं प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि लापता महिला के संबंध में कोई प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ था। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कारणों का पता चल सकेगा।