सोनभद्र। जिले से सटे चंदौली जिले में मंगलवार को हौसला बुलंद बदमाश दिनदहाड़े ग्राम प्रधान पति पंकज सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद फरार चल रहे बदमाशों को पकड़ने के लिए वाराणसी जोन के एडीजी ने चंदौली के साथ ही सोनभद्र समेत अन्य जिलो की फोर्स को अलर्ट कर दिया है। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने सभी सीओ और थाना प्रभारियों को जेल से छूट कर आए अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर नजर रखते हुए बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव समाप्त होने के बाद पूर्वांचल में चुनावी रंजिश को लेकर घटनाएं बढ़ गई हैं। मंगलवार को जिले से सटे चंदौली में बदमाशों ने एक प्रधान पति को गोली मारकर मौत के घाट उतार कर फरार हो गए। पड़ोसी जिले में घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश जिले में शरण न लेने पाएं, इसको लेकर यहां की पुलिस अलर्ट हो गई है। सीमावर्ती इलाकों में मुखबिरों को भी सतर्क कर दिया गया है। बुधवार को स्वाट टीम, एसओजी टीम चक्रमण कर अपराधियों के बारे सुराग लगाने में जुटी रही। एसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को जेल से छूटे हत्या, लूट समेत अन्य जघन्य अपराधों के आरोपियों के कार्यशैली पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने अभियान चलाकर अपराधियो और उन्हें संरक्षण प्रदान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह का कहना है कि मातहतों को अपराधियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।