सोनभद्र। पुलिस महकमा कोरोना कर्फ्यू का उलंघन करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चेकिंग के दौरान पुलिस ने बगैर मास्क के घूम रहे लोगों से 22 हजार रुपये जुर्माना वसूला। कोरोना संक्रमण के चलते लगी रोक के बावजूद दुकानें खोलने के मामले में कईयों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने सभी सीओ और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कर्फ्यू का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया है। चेताया है कि जिन थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू का उलंघन होगा वहां के प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसपी के कड़े रुख अख्तियार करने के बाद मातहत सक्रिय हो गए है। मंगलवार को राबर्टर्सगंज में फोर्स के साथ सीओ राजकुमार तिवारी, कातवाल अविनाश चंद्र सिन्हा और कस्बा चौकी इंचार्ज योगेंद्र सिंह ने अलग-अलग भ्रमण कर चेकिंग किया। इस दौराप पुलिस ने दुकान खोलने के आरोप में तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। उधर चोपन, ओबरा, घोरावल, रामगढ़, कोन, विंढमगंज, पिपरी, रेणुकूट, अनपरा, शक्तिनगर समेत अन्य बाजारों में भी पुलिस ने चेकिंग की। इस दौरान पीए सिस्टम तथा अन्य विभिन्न माध्यमों से कोविड से बचाव हेतु, कोरोना कफर्यू का पालन करने लोगों से अपील की गयी। चेकिंग के दौरान अनावश्यक रुप से बिना मास्क के घूम रहे लोगों से 22 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।