अनपरा थाना क्षेत्र के कुबरी ब्रिज के पास बृहस्पतिवार को घेराबंदी कर पुलिस ने शातिर चार चोरों को गिरफ्तार कर लिया। चोरों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की तीन बाइक, ट्रकों के छह बैटरी समेत अन्य सामान बरामद हुए। पूछताछ के बाद पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ चोरी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर चालान कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर बृहस्पतिवार को अनपरा थाना क्षेत्र में पुलिस भोर में चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान मुखबिर के जरिये थाना प्रभारी श्रीकांत राय को सूचना मिली कि कुबरी ब्रिज के पास चोर मौजूद हैं। फोर्स के साथ एसओ ने मुखबिर के बताए गए स्थान पर पहुंच कर चोरों को पकड़ लिया। एसओ ने बताया कि पकड़े गए राजू पाठक उर्फ राजेश, अवधेश, आशाराम पाठक उर्फ मोनू पाठक और विष्णु पटेल निवासी सुभाषनगर औड़ी, थाना अनपरा के कब्जे और निशानदेही पर तीन चोरी की मोटर साइकिल, छह ट्रकों की बैटरी, नौ कटिंग स्लेड व 21 हैवी टूल्स बरामद किया गया है। पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि बाइक कौवानाला सुभाषनगर से चोरी की गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए राजू पाठक उर्फ राजेश, अवधेश के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज है।